प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री आवास योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में जिला प्रशासन एवं राज्य नगरीय विकास अभिकरण की ओर से कार्यशाला हुई। इसमें डीएम नीरज खैरवाल ने मातहतों को आवास योजना का लाभ वास्तविक पात्रों को दिलाए जाने के निर्देेश दिए।
अभिमुखीकरण कार्यशाला में जिले भर से आये निगमों के मेयर, पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष और निकायों के प्रशासनिक अधिकारियों को डाटा प्रजेंटेशन के जरिये प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी दी गई। डीएम ने कहा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लक्ष्य आवासहीन प्रत्येक व्यक्ति को आवास उपलब्ध कराना है। योजना की शत प्रतिशत उपलब्धि के लिये एसडीएम को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
डीएम ने सभी एसडीएम और अधिशासी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर आवासहीनों का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। कहा कि आवेदनकर्ता से उनका आधार नंबर अवश्य लें। 16 से 18 जुलाई तक नगर निगम, नगर पंचायत, नगर पंचायत कार्यालयों में आवेदन पत्र जमा किये जाएंगे।
19 जुलाई से 25 जुलाई तक भरे आवेदनों पत्रों की जांच की जायेगी। जो आवेदन निरस्त कर दिये जाएंगे वे अपने मामले 26 एवं 27 जुलाई को उन पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। वहां पर काशीपुर मेयर उषा चौधरी, जसपुर पालिकाध्यक्ष मो. उमर सिद्दीकी, किच्छा के महेंद्र चावला, सितारगंज के कांता प्रसाद सागर, अरविंद राणा, एडीएम प्रताप सिंह शाह, जगदीश चंद्र कांडपाल, नगर आयुक्त दीप्ति वैश्य आदि थे।