रुद्रपुर कोतवाली में एसपी सिटी के सामने अपना फोन पटकते विधायक
रुद्रपुर। कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा को एसओजी की ओर से हिरासत में लिए जाने पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ भड़क गए। सीओ कार्यालय में एसपी सिटी के आगे उन्होंने टेबल पर अपना मोबाइल पटक दिया। बोले, 15 मिनट इस फोन पर मेरी कोतवाल से बात हुई थी। जब मैंने कह दिया था मोहन खेड़ा कुछ नहीं करेगा तो उसे हिरासत में क्यों लिया। मुझे बता देते तो खेड़ा खुद कोतवाली आ जाता। उसे इस तरह लाना कहां तक सही है। इस तरह की तानाशाही ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी।
कोतवाली पहुंचे विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि पूर्व में उन्होंने कोतवाली प्रभारी और पुलिस के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर मोहन खेड़ा की जिम्मेदारी और गारंटी ली थी। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें दोबारा हिरासत में ले लिया। विधायक ने इसे जनप्रतिनिधि के भरोसे और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस को मोहन खेड़ा से पूछताछ करनी थी तो उन्हें बुलाया जा सकता था। इस तरह दोबारा हिरासत में लेना उचित नहीं है। विधायक ने सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधि की बात की कोई कीमत नहीं रहेगी तो पुलिस प्रशासन पर कौन विश्वास करेगा। विधायक ने आरोप लगाया कि राजनीतिक इशारों पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।