नानकमत्ता में भव्य कलश यात्रा में शामिल महिलाएं
नानकमत्ता। श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 10 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा शुरू होने के उपलक्ष्य में 1601 महिलाओं ने कलश शोभायात्रा निकाली। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बम बोल बम बोल तथा हर हर महादेव के उद्घोष से नगर गुंजायमान हो उठा। कलश यात्रा का भक्तों ने जगह-जगह प्रसाद वितरण कर स्वागत किया। 23 अगस्त को हवन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
शुक्रवार से विडौरा मझोला स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 10 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा के आयोजन के उपलक्ष्य में 1601 महिलाओं ने पवित्र गुरुद्वारा श्री दूध वाला कुआं से कलश में पवित्र जल भरकर श्रीमद् देवी भागवत के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली। शोभा यात्रा के आगे सैकड़ों श्रद्धालु जल छिड़कते हुए झाड़ू लगाते चल रहे थे। तीन किलोमीटर लंबी कलश शोभायात्रा यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति भजन पर झूमते नाचते चल रहे थे। मंदिर पहुंचने पर पवित्र जल से शिव परिवार का रुद्राभिषेक किया गया।
पंडित कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि श्री वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक कान्हा जी महाराज के मुखारविंद से अठारहवीं 10 दिवसीय संगीतमय प्रतिदिन दो बजे सायं छह बजे तक कथा होगी। वहां पर महंत सोमवार गिरी, विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, श्रीपाल राणा, भास्कर सम्भल, पवन सिंह राणा, धर्म सिंह राणा,शेर सिंह,अभिषेक राणा, नंदू सिंह राणा, कपिल सिंह, राजू राणा आदि थे।