रुद्रपुर। फर्राटे के शौकीन और हेलमेट पहनने में तौहीन समझने वाले दोपहिया चालकों को किसी गफलत में नहीं रहना चाहिए। परिवहन विभाग की तीसरी आंख छह स्थानों पर कड़ी निगरानी कर रही है।
परिवहन विभाग के रुद्रपुर उप संभाग क्षेत्र में परिवहन विभाग के छह कैमरे नियम तोड़ने वालों को ट्रैप कर रहे है। ऑटोमैटिक कैमरों से हेलमेट और तेज रफ्तार के ऑनलाइन चालान हो रहे हैं। विभाग का एक कैमरा जल्द होगा शुरू होने जा रहा है। जिला मुख्यालय के रामपुर रोड में विभाग के चेकपोस्ट के पास, सुतैया (पुलभट्टा), बाजपुर के दोराहा, मझौला, दशमेश नगर और किच्छा के दरऊ में विभाग के कैमरों से हर दिन ऑनलाइन चालान हो रहे हैं। सितारगंज के सरकड़ा में भी कैमरा लग गया है। एआरटीओ प्रवर्तन नवीन सिंह ने बताया कि सरकड़ा में लगे ऑटोमैटिक कैमरे के लिए बिजली का कनेक्शन ले लिया है। टेस्टिंग के बाद जल्द ही कैमरा चालू कर दिया जाएगा। ऑनलाइन कैमरों से बीते अगस्त में बगैर हेलमेट में 1493 चालान हुए। तेज रफ्तार के 1306 मामले पक़ड़े गए। संवाद
कोट
सभी कैमरे सही ढंग से काम कर रहे हैं। सरकड़ा में कैमरा लगने के बाद सितारगंज क्षेत्र में भी तेज रफ्तार और बगैर हेलमेट दोपहिया चलाने पर लगाम लगेगी। -मोहित कोठारी, एआरटीओ प्रशासन रुद्रपुर