रुद्रपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने रुद्रपुर की बीडीओ सुमन राणा के व्यवहार पर आपत्ति जताई। हठधर्मी कार्यशैली से आजिज आए मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने प्रधानों और क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बीडीओ हटाओ, ब्लॉक बचाओ के नारेबाजी के बीच जोरदार प्रदर्शन किया।
रुद्रपुर प्रधान संघ अध्यक्ष/ शहदौरा प्रधान दिलबाग सिंह के नेतृत्व में बुधवार को ब्लॉक क्षेत्र के तमाम प्रधानों ने कलक्ट्रेट में जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
उनका कहना था कि बीडीओ राणा की कार्यशैली से ग्राम सभाओं का विकास ठप हो गया है। बीडीओ की कार्यशैली के कारण ही जिला मुख्यालय का ब्लॉक होने के बाद भी इसकी स्थिति दूरस्थ ब्लॉकों से भी बदतर हो गई है।
आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत बनने वाले शौचालय, जलनिकासी, सफाई कार्य कराना भी बंद करा दिया गया है। राशन कार्ड, वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन योजनाओं के पात्र भटकने पर मजबूर हैं।
कहा कि जब प्रधान ब्लॉक कार्यालय में ग्रामीणों के काम करवाने जाने हैं तो उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है, जैसे कि वे जनप्रतिनिधि की बजाए कोई अपराधी हों।
कहा कि बीडीओ के हटने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। बाद में धरनास्थल पर पहुुंचे कांग्रेस महासचिव हरीश पनेरू ने फोन पर सीएम हरीश रावत को प्रधानों की समस्या बताई।
वहां प्रधान संजय छावड़ा, गोल्डी मुंजाल, राजेंद्र सिंह, दयानंद, रीना देवी, अकील खां, सुरेश गौरी, सुरजीत सिंह, सुखलाल सिंह, याकूब अहमद, मनमोहन, यासीन, गौसिया रहमान, राजकुमार, हाकिम अली आदि मौजूद थे।
धरने के दौरान प्रधानों ने आरोप लगाया कि बीडीओ मोदी के मिशन को बट्टा लगा रही हैं। कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्राम सभाओं मेें विकास और सफाई पर जोर दे रहे हैं, वहीं बीडीओ की कार्यशैली से विकास कार्य ठप हो रहे हैं। इससे राज्य सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।