गदरपुर। वार्ड नंबर चार स्थित बर्फ फैक्टरी में अमोनिया गैस हादसे के बाद प्रशासन ने राहत और सुरक्षा उपाय तेज कर दिए हैं। एसडीएम ऋचा सिंह के निर्देशन में बृहस्पतिवार को चीनी मिल परिसर स्थित एनडीआरएफ की 15वीं बटालियन के जवान और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ के जवानों ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।
सुरक्षा उपकरणों से लैस टीम ने मुरादाबाद से बुलाए गए टेक्नीशियन की मदद से सिलिंडर में मौजूद अमोनिया गैस को सुरक्षित तरीके से निष्प्रभावी कराया। एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन के पास आवश्यक वैधानिक दस्तावेज नहीं पाए जाने पर अग्रिम आदेशों तक फैक्टरी सील कर दी गई है। वहीं, घनी आबादी के बीच संचालित फैक्टरी में अनियमितताएं मिलने पर प्रबंधन से जुड़े राजकुमार के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस मौके पर तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट, राजस्व निरीक्षक भगत सिंह, इंदु मिश्र, कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा, एसआई संजय बोरा आदि मौजूद थे।
बता दें कि बुधवार शाम बर्फ फैक्टरी में अमोनिया गैस का सिलिंडर फटने से ग्राम गणेशघाट थाना मुंडापांडे जिला मुरादाबाद उत्तरप्रदेश निवासी श्रमिक राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।