काशीपुर में बरामद बाइकों के साथ पुलिस टीम।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि इस गिरोह का सरगना और उसके दो साथी ऑटो मैकेेनिक हैं। इनकी निशानदेही पर चोरी की 14 बाइकें बरामद हुई हैं। एक आरोपी फरार है। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
काशीपुर और आसपास के थाना क्षेत्रों में पिछले छह माह से एक बाइक चोर गिरोह सक्रिय था। एसएसपी डीएस कुुंवर ने इनकी धरपकड़ के लिए कोतवाल संजय पाठक के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। जांच में स्वार, रामपुर के एक गिरोह की वारदात में लिप्तता सामने आई। एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार शाम पुलिस ने तीन आरोपियों को चोरी की दो बाइकों के साथ पकड़ा। इनकी निशानदेही पर स्वार, रामपुर के गांव सीतारामपुर में कोसी नदी के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 12 बाइकें बरामद की। पुलिस ने सीतारामपुर, थाना स्वार, रामपुर निवासी पवन कुमार, अंकुश और अर्जुन सिंह, मसवासी, स्वार निवासी प्रकाश, मिलक नौखरीद, स्वार निवासी गजेंद्र सिंह और भूबरा, मसवासी निवासी अर्पित कुमार को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य आरोपी भूबरा, स्वार निवासी सोनू कश्यप फरार है। एएसपी ने बताया कि बरामद बाइकों में से सात काशीपुर थाने के मुकदमों से संबंधित हैं जबकि शेष रुद्रपुर, आईटीआई, गदरपुर और केलाखेड़ा से उठाई गई हैं। एएसपी ने बताया कि गिरोह पर गैंगेस्टर लगाया जाएगा।
15 से 20 हजार रुपये में बेचते थे बाइक
काशीपुर। गिरोह का सरगना पवन मैकेनिक है। इस गिरोह के दो अन्य आरोपी भी मैकेनिक है। ये लोग बाइक चोरी करने के बाद मोडिफाई कर 15 से 20 हजार रुपये में बेच देते थे।