जवाहर नगर में शहीद के आवास पर मौजूद लोग।
- फोटो : RUDRAPUR
शांतिपुरी। देहरादून में प्रस्तावित शहीद स्मारक के निर्माण के लिए प्रदेश के शहीदों के आंगन की मिट्टी एकत्र की जा रही है। शनिवार को जवाहर नगर में दो शहीदों के घरों के आंगन की मिट्टी कलश में भरकर ले जायी गई।
अमर शहीद मेजर अजय उप्रेती के घर पर मिट्टी लेने पहुंची टीम का पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष रेबाधर भट्ट, ग्राम प्रधान दीपा कांडपाल आदि ने स्वागत किया। शहीद मेजर अजय उप्रेती के पिता पूर्व फौजी बीसी उप्रेती और माता ने अपने आंगन से मिट्टी और फूल कलश में अर्पण किया। इस दौरान शहीद अमर रहे के नारों से वातावरण गुंजायमान होगा। इसके बाद टीम शहीद नायब सूबेदार माधवानंद जोशी के घर पहुंची।
पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रेवाधर भट्ट ने बताया कि 23 फरवरी 2001 को जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन मेघदूत के दौरान दुश्मनों से लोहा लेते हुए वह शहीद हुए थे। शहीद जोशी की पत्नी पुष्पा जोशी ने अपने आंगन से मिट्टी व फूल शहीद के नाम पर आए कलश में अर्पित किया। वहां जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रंजीत सेठ आदि मौजूद थे।