रुद्रपुर। बहुचर्चित पशु हत्याकांड का पुलिस ने शुक्रवार को पांचवें दिन खुलासा कर दिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरोह के मास्टरमाइंड ने रामपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जिला पुलिस उसे रिमांड पर लेने की कवायद में जुट गई है। दो आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस कार्यालय में एसएसपी डीएस कुंवर और एसपी ममता बोहरा ने प्रेस वार्ता कर पशु हत्याकांड का खुुलासा किया। बताया कि सोमवार की रात कुछ लोगों ने दो पशुओं की हत्या कर उनके शव शहर के एक खाली प्लॉट में फेंक दिए थे। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी की फुटेज की मदद से ही पुलिस अभियुक्तों तक पहुंच सकी। कैमरों में चार संदिग्धों को घटना के बाद कार से दिनेशपुर की ओर जाते देखा गया। छानबीन में पता चला कि मूलरूप से रामपुर निवासी इन आरोपियों में कुछ लोग गदरपुर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे हैं।
एसएसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में टीम ने जाफरपुर महतोष मस्जिद वाली गली गदरपुर से स्वार जिला रामपुर निवासी अयूब उर्फ हक्ला पुत्र मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में वह गदरपुर में रहा था। पूछताछ में उसने पशुओं को काटने के बाद अजीमनगर रामपुर निवासी शौकत अली पुत्र नक्शे अली और अफसर अली पुत्र अली हुसैन के साथ मिलकर मांस बेचने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि सोमवार रात को घटनास्थल के पास गश्त करते पुलिस वाहन को देखकर वे लोग फरार हो गए थे। कुछ मांस ले गए थे और बाकी मौके पर ही छोड़ गए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अफसर अली और शौकत अली को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है, जबकि गिरोह के मास्टरमाइंड रामपुर निवासी दानिश ने किसी पुराने मामले में रामपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में रामपुर निवासी उस्मान और नईम के नाम भी सामने आए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
खुलासे में शामिल पुलिस की 10 टीमों के सदस्य
सीओ सिटी अभय सिंह, निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसआई धीरेंद्र पंत, एसआई कौशल भाकुनी, एसआई अशोक कांडपाल, एसआई विजय सिंह, एसआई मनोज कुमार, एसआई धीरज टम्टा, एसआई ललित चौधरी, राकेश खेतवाल, नीरज भोज, दिनेश सिंह, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, एसआई कमाल हसन, एसआई सुरेंद्र बिष्ट, एसआई विकास चौधरी, राजेंद्र कश्यप, विनोद कन्याल, प्रमोद कुमार, प्रभात चौधरी, भूपेंद्र आर्या, ललित कुमार, भूपेंद्र रावत, खीम सिंह, गोवंश सरंक्षण स्क्वॉयड टीम के उपनिरीक्षक तेज कुमार, रविंद्र सिह, राजकुमार, पवन कुमार, कुंदन खन्ना, जीवन कुमार आदि आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीमों में शामिल रहे।
छावनी में बदल गया एसएसपी कार्यालय परिसर
रुद्रपुर। आरोपियों की गिरफ्तारी और विवाद की आशंका को देखते हुए एसएसपी कार्यालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। हालांकि खुलासे के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा। खुलासे के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।