उत्तर प्रदेश के ईंट भट्ठों से आ रहे ईंट के वाहन उत्तराखंड में बिना टैक्स अदा किए धड़ल्ले से व्यापार कर रहे हैं। राज्य बार्डर पर यूपी के ईंट माफिया का कब्जा हो गया है।
सारा दिन बार्डर से सैकड़ों ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रालियां गुजर रही हैं। इन वाहनों पर न तो वाणिज्य कर विभाग ही रोक लगा पा रहा है और न पुलिस महकमा। इससे राज्य सरकार को राजस्व की भारी चपत लग रही है।
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और बरेली जिले से हर रोज सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रालियां बिना टैक्स अदा किए पुलभट्टा और सितारगंज की सरकड़ा स्थित मुख्य मार्ग व कई अन्य लिंक रास्तों से होकर गुजर रही हैं। जिससे वाणिज्य कर विभाग को प्रतिदिन भारी राजस्व का चूना लग रहा है। साथ ही गांवों के संपर्क मार्गों से गुजर रहे ये भारी वाहन हादसों को भी दावत दे रहे हैं। बुधवार को ईंट लेकर आ रही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई, जिससे ईंटें सड़क पर फैल गई और ट्रैक्टर ट्राली पर सवार मजदूरों ने छलांग लगाकर जान बचाई। वहीं, पास से गुजर रहे बाइक सवार भी बाल-बाल बचे। लेकिन, न तो कोई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचा और न ही वाणिज्य कर विभाग द्वारा ईंट का टैक्स जमा है या नहीं, इसकी जांच की गई।
टैक्स चोरी कर लिंक रोडों पर दौड़ने वाले ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई न होने से राज्य सीमा पर बसे बिज्टी, पटिया, धानचौड़ा, मैनाझुंडी, मलपुरी आदि गांवों के लोगों में गहरा रोष है।
-