ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए अब परिवहन विभाग के दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए परिवहन विभाग नए आवेदकों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। एक अगस्त से यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। परिवहन विभाग काशीपुर एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया ऑन लाइन करने जा रहा है। इसके लिए हफ्ते भर से काम चल रहा है। विभाग ने सारथी-4 नाम से सॉफ्टवेयर लांच किया है।
जिस पर आवेदक लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। लाइसेंस का शुल्क भी ऑनलाइन जमा किया जाएगा। आवेदन पूरा होने के बाद विभाग से आवेदक को टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। जसपुर, काशीपुर, बाजपुर से रोज कई आवेदक लाइसेंस बनाने के लिए एआरटीओ कार्यालय पहुंचते हैं। इससे आवेदकों का काफी समय बर्बाद होता है। साथ ही कार्यालय में भी लोगों की भीड़ जमा हो जाती है। विभाग ने 7 अप्रैल 2013 से अब तक करीब 25668 लाइसेंस जारी किए हैं। जल्द ही आवेदक परिेवहन विभाग की डब्लूडब्लूडब्लू डॉट परिवहन डॉट जीओवी डॉट इन पर आवेदन कर सकेंगे।
ऐसे करेंगे आवेदन
सबसे पहले विभाग की वेबसाइट पर जाकर क्लिक करना होगा। इसके बाद नई एप्लीकेशन खुलकर आएगी। इसमें सारथी सर्विससेस पर क्लिक करें। नए एप्लीकेशन पर अप्लाई ऑन लाइन पर क्लिक करें। इसके बाद न्यू लर्नर लाइसेंस पर क्लिक करने के बाद दूृसरी एप्लीकेशन खुलकर आएगी। जिस पर लर्निंग लाइसेंस का शुल्क ऑनलाइन जमा करने के बाद आवेदन पूरा होगा।
लंबे समय से ऑनलाइन लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया चल रही थी। जिसका कार्य पूरा होने जा रहा है। एक अगस्त से कार्यालय में ऑफ लाइन प्रक्रिया बंद हो जाएगी। आवेदक ड्राइविंग लाइसेंस के लिए घर बैठकर भी आवेदन कर सकते हैं। इससे कार्यालय में भीड़ भी कम होगी। आवेदक को कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। समय की भी बचत होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग से टेस्ट देने के लिए आवेदक को बुलाया जाएगा। शुल्क भी ऑनलाइन ही जमा होगा।
-अनीता चंद, एआरटीओ, काशीपुर