काशीपुर। गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय के बयान और पुलिस की ओर से अनूप अग्रवाल के संबंध में की गई पत्रकार वार्ता के बाद से मामले में नया मोड़ आ गया है। अब अर्पित अग्रवाल की हत्या के मामले में परिजनों ने अनूप अग्रवाल का हाथ होने की आशंका जताई। एक स्टोन क्रशर संचालक ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नगर निवासी अनूप अग्रवाल के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सात जून को पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। इस पर पुलिस का कहना है कि चामुंडा विहार निवासी अनूप अग्रवाल शातिर और दबंग व्यक्ति है। उसका एक लंबा आपराधिक इतिहास है।
इधर अर्पित अग्रवाल के परिजनों ने वर्ष 2014 में उसकी हत्या के पीछे अनूप का हाथ होने का अंदेशा जताया था। उनका कहना था कि अर्पित के पिता की संदिग्ध हालात में मौत होने के अनूप और उसके भाई अजय के अलावा अन्य परिजनों ने अधिकतर जमीन कूट रचित तरीके से अपने नाम करा ली है।
इस संबंध में कोतवाली काशीपुर पर मुकदमा पंजीकृत है और विवेचनाधीन है। परिजनों का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद वह पिस्टल लेकर उनके घर धमकाने आए थे।
एसपी अभय सिंह के अनुसार उदयपुर के थाना घासा क्षेत्र में अनूप के बेटे की कंपनी ओर से गैर कानूनी तरीके से अवैध खनन करने की भी शिकायत सामने आ रही है। इस संबंध में परिजनों के लिप्त होने की शिकायत पर स्थानीय प्रशासन जांच कर रहा है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक अनूप अग्रवाल के विरुद्ध कोतवाली काशीपुर में छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से तीन आपराधिक मामलों में उसके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया चुका है, तीन अभियोग वर्तमान में विवेचनाधीन हैं।