डीएम अक्षत गुप्ता ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जन संवाद सेवा के एंड्राइड एप्लीकेशन को लांच किया। उन्होंने बताया कि जनहित के मद्देनजर बीते वर्ष से जनमानस की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं सुविधाजनक समाधान के लिए जन संवाद काल सेंटर सेवा 24 घंटे संचालित की जा रही है, जिसका फोन नंबर- 9208009000 है।
इस सेवा के जरिये जिले के निवासी कभी भी किसी विभाग से संबंधित अपनी समस्या संबंधित विभाग एवं जिलाधिकारी तक काल के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि यह सेवा देश में किसी भी जिले में पहली कॉल सेंटर सेवा है।
जिसमें सभी प्रमुख विभाग सेवा के माध्यम से जुड़े हैं। इस सेवा का उपयोग 300 लोग एक साथ कर सकते हैं। अब तक हजारों जन शिकायतों का निस्तारण सेवा के जरिये किया जा चुका है। सेवा की उपयोगिता के लिहाज से यह सेवा राज्य के सभी जनपदों में शुरू की जा रही है।
जिलाधिकारी ने इस सेवा के साथ जन संवाद एंड्राइड एप्लीकेशन का तकनीकी विकास कराकर कॉल सेन्टर सेवा के साथ समायोजित किया है। उन्होंने बताया कि इस एप्लीकेशन के माध्यम से जनमानस किसी भी विभाग से संबंधित समस्या या सूचना भेज सकता है।
इस एप्लीकेशन के माध्यम से वह सूचना से संबंधित पूरा ब्योरा, फोटो अथवा किसी भी प्रपत्र को सीधे विभागों के अधिकारियों के साथ ही जिलाधिकारी तक पहुंचा सकते हैं। इस आवेदन में दर्ज सूचना का नोटिफिकेशन संबंधित विभागाध्यक्ष, जिलाधिकारी, सूचना से संबंधित अधिकारी के मोबाइल फोन पर निश्चित समय पर डिलीवर हो जाएगा, जिससे स्वच्छ प्रशासन एवं जन समस्याओं को त्वरित गति से निस्तारण किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि एंड्राइड एप्लीकेशन को जन संवाद कॉल सेन्टर के उक्त नंबर पर कॉल करके डाउनलोड किया जा सकता है, एप्लीकेशन का डाउनलोड लिंक उपयोग कर्ता को एसएमएस द्वारा भेजा जाएगा। यह एप्लीकेशन शीघ्र ही गूगल ऐप पर भी उपलब्ध हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जन संवाद सेवा का संचालन कार्तिक इन्फोकॉम संस्था द्वारा किया जा रहा है। कार्तिक इन्फोकॉम संस्था के रविन्द्र देवतला ने डाटा प्रजेन्टेशन के माध्यम से सेवा के संचालन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी कलक्ट्रेट चन्द्र सिंह इमलाल, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा आदि उपस्थित थे।