सितारगंज। लापरवाही से टीकाकरण करने वाली नर्स के खिलाफ सीएमओ केके अग्रवाल ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने तीन सदस्यीय जांच समिति का भी गठन किया है।
दरअसल शुक्रवार को सितारगंज स्थित वार्ड नंबर छह निवासी सोनी ने आरोप लगाया था कि नर्स के टीकाकरण करने के बाद डेढ़ माह के नवजात की हालत बिगड़ गई। इंजेक्शन लगाने वाली जगह से उसे अधिक रक्तस्राव होने लगा। रक्तस्राव नहीं रुकने पर उसे दोबारा अस्पताल लाकर दिखाया था, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने औपचारिकता निभाने के बाद उसे वापस घर भेज दिया था। नवजात का इलाज इस समय रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। आरोप लगाया कि नर्स ने लापरवाही से नवजात का टीकाकरण किया। जिस कारण उसकी हालत बिगड़ गई।
सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि इस मामले में डॉ. एसके गोस्वामी की अध्यक्षता में तीन सदस्य जांच समिति का गठन किया गया है। समिति प्रकरण की जांच कर तीन दिन के भीतर विभाग को रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। तब तक आरोपित नर्स को सीएचसी नानकमत्ता से संबद्ध कर दिया गया है।