रुद्रपुर। स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार मामले में गिरफ्तार सभी अभियुक्त जेल में हैं लेकिन बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर मिजोरम से आई किकी उर्फ लालनुनसियामी को शहर में इतना बड़ा नेटवर्क खड़ा करने में किसका संरक्षण मिला और कौन है इसके पीछे का असली रसूखदार?
बीते दिनों मिजोरम पुलिस के साथ मिलकर एएचटीयू और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश किया था। स्पा सेंटर से मिजोरम की दो नाबालिग समेत पांच लड़कियाें का रेस्क्यू कर छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर बाहर से आकर किकी ने किसकी सह पर मासूमों के जिस्म के सौदे का कारोबार खोल दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। न जाने इस दौरान कितनी मासूमों को देह व्यापार के दलदल में धकेला गया होगा।
वहीं जांच में सामने आया है कि किकी कुछ वर्ष पहले रुद्रपुर आई थी। शुरुआती दौर में उसने शहर के एक नामी होटल के स्पा सेंटर में काम किया। इसके बाद वह मेट्रोपोलिस मॉल स्थित एक स्पा सेंटर से जुड़ी रही। बताया जा रहा है कि कुछ ही समय में किकी ने स्थानीय संपर्कों की मदद से ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून नाम से अपना सेंटर खोल लिया। माना जा रहा है कि बाहरी राज्य से आई एक युवती का इतनी जल्दी कारोबार खड़ा कर लेना बिना प्रभावशाली लोगों की मदद के संभव नहीं है। यही वजह है कि अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने सेंटर खोलने से लेकर संचालन तक उसका साथ दिया। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में संचालित सभी स्पा सेंटरों की जांच की जा रही है। अगर कहीं देह व्यापार की पुष्टि हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।