वगुलिया गांव में शराब विरोधी अभियान चलाने वाली महिलाओं के साथ गांव के ही एक परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। इससे दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और करीब छह लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बड़ी वगुलिया गांव में शराब विरोधी अभियान चलाने वाली महिलाएं गश्त लगा रही थी कि उसी दौरान गांव का निवासी एक युवक घर से निकला और सड़क के किनारे उनके सामने लघुशंका करने लगा। इस पर महिलाओं ने नाराज व्यक्त की तो उसने भी महिलाओं के खिलाफ अपशब्द बोले। इतने में ही युवक के घर के लोग भी बाहर आ गए और बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें शराब विरोधी अभियान चलाने वाली कुसुमा देवी, रानी देवी, प्रमीला देवी, गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जबकि मारपीट करने वाला युवक फरार है। महिलाओं ने पुलिस को नामजद तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इधर मारपीट में घायल दूसरे पक्ष के उमाशंकर और उसकी मां ने भी मेडिकल कराकर पुलिस को तहरीर सौंपी है। थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने कहा कि दोनों पक्षों ने तहरीर सौंप दी है। पुलिस ने गांव निवासी मोतीलाल की तहरीर पर राजकुमार और उमाशंकर के खिलाफ जान से मारने की और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।