पंतनगर में किसान की प्रतिकात्मक फोटो।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि का 111वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी 24-27 मार्च तक अपने मूल स्वरूप (ऑफलाइन मोड) में आयोजित किया जाएगा। शनिवार को विवि कुलपति डॉ. तेज प्रताप की अध्यक्षता में किसान मेला सलाहकार समिति की बैठक में ये निर्णय लिए गए।
निदेशक प्रसार शिक्षा एवं मेला प्रभारी डॉ. एके शर्मा ने बताया कि 24-27 मार्च को आयोजित होने वाले मेले में किसानों को बीज, कृषि यंत्र, फर्टिलाइजर आदि के स्टालों का भ्रमण व खरीदने की व्यवस्था अन्य मेलों की तरह की जाएगी। विवि की शोध इकाइयों का भ्रमण कराने सहित किसान गोष्ठी आयोजित करने का भी प्रावधान रहेगा। किसान व अन्य परिसरवासियों को इस बार मेले में खानपान व अन्य मनोरंजन की सुविधाएं भी मिलेंगी।
डॉ. शर्मा ने बताया कि मेले में किसानों को खरीफ फसलों के सभी उन्नत बीज, सब्जियां, फल-फूल के सभी छोटे बड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही मेले में पशु प्रदर्शनी के दौरान संकर बछियों की नीलामी भी की जाएगी। किसान मेला प्रतिदिन सुबह नौ से शाम सात बजे तक लगेगा। बैठक में किसान मेले की विभिन्न समितियों का गठन, किसानों का भ्रमण, प्रचार सामग्री का निर्माण, विवि के बीज व प्रकाशनों की बिक्री, किसान गोष्ठी, मेले के बजट आदि पर भी चर्चा की गई।