क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार खूब फल फूल रहा है। प्रापर्टी डीलर ग्रामीण क्षेत्र में जमीन खरीद कर उसमें से मिट्टी उठाकर दूसरी कालोनियां में भरान कर रहे हैं।
ग्राम मानपुर पर्वतीय कालोनी में कॉर्बेट नेशनल पार्क के विस्थापित हैं। इसकी भूमि की रजिस्ट्री 1993 से बंद है। लेकिन प्रापर्टी डीलर बिना रजिस्ट्री वाली भूमि को सस्ते में खरीद कर उसकी मिट्टी खोदकर दूसरी कालोनियों में भरान के लिए बेच रहे हैं। इस अवैध कारोबार करने वालों को पुलिस, राजस्व विभाग का संरक्षण प्राप्त है।
राजस्व विभाग मिट्टी के अवैध खनन की अनदेखी कर रहा है। सबसे अधिक नुकसान पड़ोसी खेतों के किसानों को हो रहा है। किसानों ने बताया कि कालोनाइजर अपने खेत में से मिट्टी उठाकर बेच देता है। खनन से पड़ोसी खेत की मेड़ किनारे काफी बड़े गड्ढेे बन जाते है। बरसात में खेत कटने लगता है। जिससे परेशान होकर किसान औने पौने दरों पर उसी प्रापर्टी डीलर को अपनी भूमि सस्ते में बेचने को मजबूर हो रहे हैं।