रुद्रपुर। कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप करने वाले युवाओं व कृषि उद्यमियों के लिए खास खबर है। सब्जी या फलों को स्टोर करने के लिए कोल्ड स्टोर, कोल्ड चैन व फ्रोजन यूनिट के लिए कृषि अवसंरचना फंड के तहत ऋण पर ब्याज में तीन प्रतिशत की छूट मिल रही है। योजना का लाभ लेने के लिए एग्री इंफ्रा की सरकारी साइट पर आवेदन कर सकते हैं।
जिले में आम, मटर की भरपूर पैदावार है। किसान इन्हें दूसरे राज्यों में बेच रहे है, जबकि किसान इन्हें लंबे समय तक स्टोर करके जिले को ही इसकी आपूर्ति कर सकते हैं। उद्यान विभाग के मुताबिक जिले में वर्तमान में आठ कोल्ड स्टोरेज हैं। कोल्ड स्टोर व अन्य तरह की फ्रोजन यूनिट खोलने के लिए लाभार्थी सीधे सरकारी साइट पर आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य उद्यान अधिकारी भावना जोशी ने कहा कि कृषि अवसंरचना फंड के तहत कोल्ड स्टोर खोलने के लिए ऋण पर ब्याज में तीन प्रतिशत की छूट मिल रही है। इसके साथ ही ऋण जारी करने वाली संस्था को दो करोड़ तक के ऋण पर बैंक गारंटी सरकार की ओर से दी जाएगी।
इन समूहों को मिल सकता है लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए प्राथमिक कृषि ऋण समितियां, विणपन सहकारी समितियां, किसान उत्पादन संगठन, स्वयं सहायता समूह, बहुउद्देशीय सहकारी समिति, एग्रीगेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स पात्र होंगे। कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य फसलों की कटाई के बाद उपज के प्रबंधन के लिए अवसंरचना का विकास करना है। इसके तहत भंडार गृह, पैक हाउस, कोल्ड चैन, जैविक निवेश उत्पादन यूनिट, राइपिंग चैंबर, वैक्सिंग यूनिट आदि का विकास करना है। इस योजना से टॉप अप प्रणाली के दोहरे लाभ की सुविधा प्राप्त होती है।