रुद्रपुर। ग्रामीण उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए तीन संस्थानों के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए केंद्र बनाए जाएंगे। इसका लक्ष्य महिलाओं के बनाए उत्पादों की बिक्री को आसान बनाना और उनकी आय में वृद्धि करना है।
सीडीओ दिवेश शाशनी ने बताया कि समझौता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) और विकासखंड रुद्रपुर की रुद्रा स्वायत्त सहकारिता समिति (सीएलएफ) के मध्य हुआ है। इसमें ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना ने सहयोग किया है। यह पहल स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त बाजार से जोड़ने का एक अहम कदम है। ग्रामोत्थान परियोजना से यह साझेदारी ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को संगठित बाजार उपलब्ध कराएगी। समझौते के तहत कोको पेट्रोल पंप, गौतम अस्पताल के पास एक विशेष बिक्री केंद्र स्थापित होगा। यह बिक्री केंद्र महिलाओं की ओर से निर्मित स्थानीय और गुणवत्ता वाले उत्पादों को ग्राहकों तक सीधे पहुंचाएगा। इससे उनकी बिक्री के लिए एक नया और सशक्त बाजार मिलेगा।