काशीपुर। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के वार्षिक महोत्सव अग्नित्रय 12.0 का समापन हो गया। इस दौरान खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। बाद में विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई।
अंतिम दिन सोमवार को विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले हुए। इस दौरान एमडीआई ने पुरुष बैडमिंटन, पुरुष बास्केटबॉल और फुटसल में तीन खिताब जीते। आईएमआई ने महिला बास्केटबॉल, महिला वॉलीबाल और टेबल टेनिस में जीत दर्ज कर तीन खिताब अपने नाम किए।
आईआईएम अमृतसर ने शतरंज और फ्रिसबी स्पर्धाओं में दो खिताब जीते जबकि आईआईएम जम्मू ने आईआईएम अमृतसर को पराजित करते हुए क्रिकेट चैंपियनशिप अपने नाम की।
आईआईएम काशीपुर ने आईएमआई को हराकर थ्रोबॉल का खिताब जीता। आईआईएम सिरमौर ने पुरुष वॉलीबाल में आईआईएम अमृतसर के विरुद्ध विजय प्राप्त की। समग्र खेल में आईएमआई नई दिल्ली विजेता बनकर प्रथम ट्रॉफी अपने नाम करने में सफल रहा जबकि एमडीआई उपविजेता रहा।
समापन संध्या पर एकल नृत्य और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। वोग वॉयज (फैशन शो) में आईआईएम अमृतसर प्रथम, आईआईएम काशीपुर की टीमों ने द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए। महोत्सव का समापन बीबीएक्स की कॉम्प्लिमेंट्री डीजे नाइट और इसके बाद डीजे रिह्या की प्रस्तुति के साथ हुआ।