काशीपुर। कार पार्किंंग के विवाद में महुआखेड़ागंज निवासी अफजल हत्याकांड में वांछित आरोपी 36 घंटे बाद भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। आरोपियों के घरों पर ताले लटके हैं। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिशें दे रहीं हैं। इस मामले से जुड़े कुछ लोगों से पूछताछ जारी है।
30 मई की रात साढ़े 11 बजे महुआखेड़ागंज के वार्ड सात में कासिम अली के दरवाजे पर खड़ी कार हटाने की बात पर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। एक पक्ष के आठ लोगों ने लाठी, डंडों व लोहे की रॉड से हमलाकर पांच व्यक्तियों को घायल कर दिया था। इनमें से घायल अफजल की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के भतीजे अनीस अहमद ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार पुलिस की दबिशें जारी हैं। आरोपियों के घरों पर ताले लटके हुए हैं। एक-दो दिन में कुछ गिरफ्तारियां हो सकती हैं।