रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में चलते ऑटो से जेवर से भरा बैग चोरी होने के मामले में 22 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज हुई है।
तल्ला कृष्णापुर नैनीताल के कुंदन सिंह नयाल ने बताया कि नौ मई को वह पत्नी और बच्चों के साथ डीडी चौक से गदरपुर के लिए ऑटो में बैठे थे। उस समय ऑटो में पहले से चार अन्य यात्री थे। गाबा चौक के पास उतरने के बाद परिवार को पता चला कि पत्नी के पास रखा बैग गायब है।
कुंदन के अनुसार, बैग में ढाई तोले का सोने का हार और तीन तोले का मंगलसूत्र था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने चालक से ऑटो वापस ले चलने का अनुरोध किया तो उसने इन्कार कर दिया। इसके बाद परिवार पैदल डीडी चौक पहुंचा और खोजबीन की लेकिन बैग नहीं मिला। परिजनों की मदद से शहर के कई सीसीटीवी चेक किए लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। सीओ विभव सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।