- 65.14 लाख से चमकेगा पार्क, पहली किस्त के 39.08 लाख शासन ने किए जारी
जसपुर। मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने 34 साल बाद 65.14 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। निर्माण कार्य के लिए पहली किस्त के 39.08 लाख रुपये नगर पालिका के खाते में भी आ गए हैं।
नगर पालिका परिषद ने वर्ष 1990-91 में आधुनिक सुविधाओं से लैस मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क का मोहल्ला गुजरातियान में निर्माण कराया था। तत्कालीन चेयरमैन मुख्तार अहमद और उनकी बोर्ड की टीम ने वार्ड पांच में शहर को यह सौगात दी थी। कुछ वर्ष बाद पार्क की बाउंड्रीवॉल पर लगी जाली गायब हो गई और गेट भी टूट गया। इसके अलावा सड़क उखड़ गई और हरियाली भी खत्म हो गई।
पालिकाध्यक्ष मो. नौशाद सम्राट ने बताया कि उन्होंने शासन को 65.14 लाख की डीपीआर भेजी थी। उत्तराखंड शासन के अपर सचिव संतोष बडोनी ने देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण के तहत डीपीआर की करीब 50 फीसदी धनराशि पालिका के खाते में भेज दी है।
कोट
मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू कराया जाएगा। - उदयवीर सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद, जसपुर