शक्तिफार्म । नगर पंचायत शक्तिगढ़ चेयरमैन की मृत्यु के पश्चात रिक्त पद पर 39 दिनों बाद आखिरकार प्रशासक की नियुक्ति हो गई। डीएम के निर्देश पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच सोमवार को प्रशासक का कार्यभार संभाला।
बता दें कि बीते 23 अप्रैल को नगर पंचायत के चेयरमैन सुकांत ब्रह्म की मृत्यु होने से चेयरमैन का पद रिक्त चल रहा था। 39 दिनों से चेयरमैन का पद खाली होने से नगर क्षेत्र में विकास कार्य पूर्ण रूप से ठप हैं और वित्तीय आदान-प्रदान पूर्ण रूप से बाधित है। ईओ राजेंद्र प्रसाद बेंजवाल ने 27 अप्रैल को प्रभारी सचिव विनोद कुमार सुमन से नगर पंचायत में प्रशासक नियुक्त करने की मांग की थी।
डीएम के निर्देश पर एडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल ने सोमवार को प्रशासक का कार्यभार ग्रहण किया। एडीएम ने ईओ के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की और सभासदों के साथ बैठक की।
एडीएम ने वार्ड संख्या एक, तीन और सात में जलभराव की समस्या को देखते हुए नाला व नाली निर्माण कराने और सिंचाई विभाग को बरसात से पूर्व नहरों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभासदों से भी वार्डों में स्वच्छता के लिए लोगों में जागरूकता लाने की अपील की। वहां सभासद उपेंद्र सिंह, मीना देवी, लीलिमा मजूमदार, शीला पोद्दार, विक्रम सिंह भंडारी, कार्तिक सुतार, गोविंद सरकार, देवाशीष पोद्दार आदि थे।