खटीमा। स्कूल शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी की जांच के लिए गए बीईओ भानु प्रताप पर कार्रवाई न करने के लगे आरोपों के बाद विभागीय कार्रवाई की गई। इस दाैरान उन्हें सीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
बीईओ और उप शिक्षा अधिकारी पद का अतिरिक्त प्रभार जीआईसी श्रीपुर बिचवा के प्रधानाचार्य संजय त्रिपाठी को दिया गया। सितारगंज के बीईओ और उप शिक्षा अधिकारी पद का अतिरिक्त प्रभार जीआईसी शक्तिफार्म के प्रधानाचार्य बालमुकुंद तिवारी को मिला है।
एक स्कूल में बुधवार को शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप की जांच के दौरान लोगों ने बीईओ भानुप्रताप पर शिक्षक पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था। लोगों ने उन पर कार्रवाई की मांग की थी।
इस पर विभाग ने बीईओ को रुद्रपुर स्थित सीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया था। वह खटीमा के बीईओ पद के अलावा उप शिक्षा अधिकारी पद और सितारगंज के बीईओ और उप शिक्षा अधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार था। प्रभारी बीईओ सावेज आलम ने इसकी जानकारी दी।
बीईओ से दुर्व्यवहार करने का आरोप
खटीमा। बीईओ से दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
बृहस्पतिवार को तहसील में ज्ञापन देते हुए उन्होंने कहा कि एक शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप की जांच के लिए बुधवार को बीईओ भानुप्रताप स्कूल गए थे। कुछ लोगों ने उनसे अभद्रता की। यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे। वहां कमान सिंह सामंत, चंदन कुमार, संतोष कुमार, पुष्पा सामंत आदि थे। संवाद
बीईओ से अभद्रता पर शिक्षकों में रोष
सितारगंज। गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज चकरपुर में 22 अप्रैल को हुई घटना के बाद शिक्षा विभाग एवं शिक्षक संगठनों में आक्रोश है। प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और मिनिस्ट्रियल कार्मिकों के पदाधिकारियों एवं अन्य शिक्षकों ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। वहां जनपद सचिव मोहित तिवारी, होशियार सिंह, विकास पाण्डे, अरुण शेखर, आनंद भास्कर, डॉ. अर्चना पाठक, धर्मेंद्र नाथ चौबे आदि थे। संवाद