रुद्रपुर। रोडवेज बस स्टेशन पर कार पार्किंग के लिए हाई वोल्टेज ड्रामा चला। इस दौरान बस और कार चालक में धक्का-मुक्की हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बृहस्पतिवर सुबह एक दंपती कार से रोडवेज स्टेशन पहुंचा। दंपती कार बसों के निकलने वाले गेट के पास पार्क कर स्टेशन के अंदर जाने लगा। इससे बस निकालने में चालकों को परेशानी होने लगी और रोडवेज गेट के पास जाम लग गया। यह बस चालकों का गुस्सा फूट पड़ा और चालकों ने उन्हें कार हटाने के लिए कहा।
आरोप है कि कार चालक अभद्रता करने लगा और विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच धक्का-मुक्की हो गई और लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जो तेजी से वायरल हुआ। वहीं किसी तरह लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दंपती कार लेकर वहां से चला गया। संवाद