ऊधमसिंह नगर की नौ विधानसभा सीटों पर राष्ट्रीय पार्टियों के उम्मीदवार अब सोशल मीडिया में भी काफी सक्रिय हो गए हैं। कुछ प्रत्याशी जहां चुनाव के शंखनाद के साथ अपनी सक्रियता दिखाने में जुटे हैं वहीं कई प्रत्याशी पिछले लोकसभा चुनाव से अपने को सोशल मीडिया में निरंतर बनाए हुए हैं। इसमें खटीमा से भाजपा प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी वर्ष 2014 से सोशल मीडिया में सबसे आगे चल रहे हैं।
इसके बाद पिछले एक वर्ष से किच्छा से भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला तो रुद्रपुर से कांग्रेस प्रत्याशी तिलकराज बेहड़ भी अपने को सोशल मीडिया में दूसरे नंबर के पायदान पर बनाए हुए हैं। वहीं रुद्रपुर से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार ठुकराल अपना टिकट पक्का होने के बाद अपने को सोशल मीडिया पर सक्रिय कर चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के किच्छा विधानसभा सीट से टिकट घोषणा के बाद से उनकी भी सोशल मीडिया पर गतिविधि तेज हो गई है।
आधुनिकता के इस दौर में प्रत्याशी भी आधुनिक हो गए हैं। फेसबुक पर अधिकांश पार्टी के प्रत्याशियों ने चुनाव से पहले आईडी और पेज बना कर मतदाताओं से अपनी बात कहना शुरु कर दी है। इस लिस्ट में भाजपा के प्रत्याशी अन्य पार्टी के प्रत्याशियों से बहुत आगे हैं। खटीमा से भाजपा प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी विधानसभा क्षेत्र में फेसबुक पर सबसे अधिक एक्टिव रहने वाले प्रत्याशियों की फेहरिस्त में सबसे ऊपर हैं। धामी ने फेसबुक पर करीब ढाई साल पहले अपना एकाउंट बनाया था। एक साल पहले धामी के फॉलोअर्स की संख्या करीब दो हजार थी, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले यह संख्या अब सात हजार के पार पहुंच चुकी है।
वहीं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी तिलकराज बेहड़ भी फेसबुक के माध्यम से लोगों से जुड़े रहने में काफी सक्रिय रहते हैं। फेसबुक पर बेहड़ से जुड़ने वालों की संख्या भी छह हजार के पार पहुंच चुकी है। हालांकि काशीपुर से भाजपा प्रत्याशी हरभजन सिंह चीमा इस मामले में बाकी प्रत्याशियों से पिछड़ते नजर आ रहे हैं। चीमा के फेसबुक पेज पर जुड़े लोगों की संख्या बाकी प्रत्याशियों के मुकाबले काफी कम है।
सितारगंज क्षेत्र में जहां भाजपा प्रत्याशी सौरभ बहुगुणा सोशल मीडिया में अपनी सक्रियता को बनाए हुए हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी मालती विश्वास का फेसबुक एकाउंट ही नहीं है। किच्छा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला सोशल मीडिया के सहारे मतदाताओं को अपनी उपलब्धियां बताने में काफी सक्रिय हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत भी सोशल मीडिया पर यूं तो काफी साल से सक्रिय रहे हैं, लेकिन किच्छा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के एलान के बाद हरीश रावत फेसबुक पर ज्यादा सक्रिय हो गए हैं।
क्षेत्र से बाहर रह रहे वोटरों को भी बुलाने की जोड़तोड़
ऊधमसिंह नगर की नौ विधानसभा सीटों में से बाहर नौकरी के सिलसिले में अन्य शहरों को रहने वाले मतदाताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रत्याशी वोट डालने के लिए वापस बुलाने में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। प्रत्याशियों के समर्थक भी नौकरीपेशा लोगों को मतदान के दिन अपने मताधिकार के लिए घर वापसी पर भी अपील कर रहे हैं। वर्तमान में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के सोशल एकाउंट को संचालित करने वाले उनके समर्थक मतदाताओं को घर वापसी पर भी पूरा दबाव बनाए हुए हैं।
एजेंसी से किसी का नहीं है कनेक्शन
जिले की नौ विधानसभा सीटों पर वर्तमान में भाजपा और कांग्रेस के सभी प्रत्याशी अपने-अपने को सोशल मीडिया में अंकित तो किए हुए हैं लेकिन इनमें से किसी भी प्रत्याशी का किसी आईटी एजेंसी के साथ कोई कनेक्शन नहीं है। रुद्रपुर से कांग्रेस प्रत्याशी तिलकराज बेहड़ के एकाउंट को उनके पीए मेहुल शर्मा संचालित कर रहे हैं तो भाजपा प्रत्याशी राजकुमार ठुकराल के एकांउट को अब उनके प्रवक्ता आशीष छाबड़ा चला रहे हैं। वहीं खटीमा से पुष्कर सिंह धामी के एकाउंट को उद्योगपति अनूप अग्रवाल संचालित कर रहे हैं। इन सभी का कहना है कि उनका किसी एजेंसी से टाइअप नहीं है वह खुद ही सोशल एकाउंट को चला रहे हैं।