खटीमा में राणा थारू परिषद की बैठक में मौजूद लोग
खटीमा। राणा थारू परिषद की मंगलवार को आयोजित बैठक में एकलव्य विद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। परिषद के संरक्षक गोपाल सिंह राणा ने कहा कि विद्यालय में बच्चों को एक्सपायरी डेट का चावल खिलाया जा रहा था। इस तरह गुणवत्ता विहीन भोजन के कारण बच्चों को भूखा रहना पड़ रहा था जबकि शिकायत करने पर बच्चों को डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समस्त जनजातीय विद्यालयों की निगरानी के लिए राणा थारू परिषद को अधिकृत किया जाए। साथ ही राणा थारू परिषद की ओर से पांच सदस्यीय अनुश्रवण कमेटी बनाई जाए। उन्होंने कहा एकलव्य महाविद्यालय में हुई अनियमितता की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए। एकलव्य विद्यालय में थारू जनजाति से ईसाई बने बच्चों के प्रवेश निरस्त किए जाएं। भविष्य में ऐसे बच्चों को एकलव्य विद्यालय अथवा किसी भी जनजाति आवासीय विद्यालय में प्रवेश न दिया जाए। वहां पर राणा थारू परिषद के अध्यक्ष दान सिंह राणा, बयान सिंह राणा, दिनेश सिंह राणा, राम सिंह राणा, राम किशन राणा, ओपी राणा,वास्तव सिंह राणा, पूनम राणा, रविंदर राणा, गौरव सिंह राणा, जवाहर सिंह राणा, मनीष सिंह राणा, अनुज राणा, लक्ष्मण सिंह राणा आदि थे।
-
एकलव्य विद्यालय में व्यवस्थाओं का जायजा लिया
खटीमा। नगर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने एकलव्य विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। खटीमा ब्लॉक की ओर से विद्यालय परिसर में डस्टबिन का वितरण भी किया गया।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि विद्यालय में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रतिदिन कूड़ा वाहन भेजकर कूड़े का नियमित निस्तारण कराया जाएगा और समय-समय पर कीटनाशक का छिड़काव भी किया जाएगा जिससे कि बच्चों को स्वस्थ वातावरण मिल सके। विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान के समतलीकरण के लिए मुख्यमंत्री से मिट्टी भरान की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस मौके पर राणा थारू परिषद के अध्यक्ष दान सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रवींद्र राणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, बीईओ भानुप्रताप कुशवाहा, पूनम राणा आदि मौजूद रहीं। संवाद