रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में रंजिश के कारण एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के साथ न केवल मारपीट की गई बल्कि महिला के गहने भी लूट लिए गए। घटना नौ जनवरी की है। पुलिस ने अब कोर्ट के आदेश पर आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वार्ड आठ शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी विष्णु ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दायर कर आरोप लगाया कि सुभाष, अरुण कुमार, चंद्रवती, ज्योति, अजय, ममता, अरुण और रवीन ने रंजिश के कारण उस पर और उसके परिवार पर हमला किया। आरोप है कि बीती नौ जनवरी को शाम करीब सात बजे हमलावर उसके घर आए और झगड़ा करने लगे। विरोध करने पर आरोपी उस समय चले गए लेकिन थोड़ी देर बाद सभी हमलावर घर में पहुंचे और उससे मारपीट कर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि अरुण कुमार, अरुण सुभाष और अजय ने धारदार हथियार से पत्नी के चेहरे और गर्दन पर हमला किया जिससे वह लहूलुहान हो गई। मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनकी पत्नी के सोने की नाक का फूल और कान के टॉप्स छीन लिया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। ब्यूरो