नगर निगम के एबीसी सेंटर ने शुरू किया काम
काशीपुर। नगर निगम के एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी) ने अपना काम शुरू कर दिया है। पहले दिन सेंटर में दो कुत्तों का बधियाकरण किया गया।
नगर निगम की गली-मोहल्लों में लगातार बढ़ रही कुत्तों की जनसंख्या पर इससे लगाम लग सकेगा। निगम की ओर से तीर्थ द्रोणासागर रोड स्थित पशु चिकित्सालय में बनवाए गए एबीसी सेंटर ने अपना काम शुरू कर दिया है। रविवार को काशीपुर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगभग एक करोड़ की लागत से तैयार एबीसी सेंटर का लोकार्पण किया। नगर आयुक्त विवेक राय ने बताया कि भवन में दो ऑपरेशन थिएटर, दो कैनल, दो कर्मचारी आवास, एक कार्यालय बनाने के अलावा दो डॉक्टर की तैनाती कर दी गई। डॉ. नीरज के अलावा पशु चिकित्सालय के डॉ. भरत सिंह की देखरेख में ऑपरेशन होगा। सेंटर में एक साथ 70 कुत्तों को रखने के लिए दो कैनल बनाए गए हैं और कुत्तों पकड़ कर लाने के लिए एक वाहन आ चुका है।
इस तरह से करेगा काम
नगर आयुक्त विवेक राय ने बताया लावारिस कुत्तों को टीम पकड़ कर यहां लाएगी। डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ उनका बधियाकरण करेंगे। एक कुत्ते के बधियाकरण से लेकर सेंटर में एक सप्ताह रखने तक का खर्च 1090 रुपये का खर्च आएगा। इसमें 50 फीसदी नगर निगम और 50 फीसदी पशु कल्याण बोर्ड करेगा। टीम उनको उनके क्षेत्र में छोड़ने जाएगी इससे पहले उनके कान में वी आकार का कट लगाया जाएगा ताकि वह कुत्ता दोबारा न पकड़ा जाए।