प्रभारी डीएम की फटकार का एआरटीओ दफ्तर की अव्यवस्थाओं पर कोई खास असर नहीं पड़ा। छापे की कार्रवाई के एक सप्ताह बाद एडीएम ने कार्यालय का निरीक्षण किया तो उन्हें भी तमाम अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। दलालों पर अंकुश को छोड़कर अन्य अव्यवस्थाएं जस की तस थीं। एडीएम ने कार्यालय में मिली अव्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रभारी डीएम को सौंप दी है।
एक सप्ताह पहले प्रभारी डीएम आशीष श्रीवास्तव ने एआरटीओ दफ्तर का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अव्यवस्थाएं और दलालों का जमावड़ा देख प्रभारी डीएम ने एआरटीओ को फटकार लगाई थी। प्रभारी डीएम ने एआरटीओ को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने की हिदायत देकर कहा था कि वह एक सप्ताह बाद पुन: निरीक्षण करेंगे।
प्रभारी डीएम की इस चेतावनी को एआरटीओ विभाग ने खास गंभीरता से नहीं लिया। एक सप्ताह बाद मंगलवार को प्रभारी डीएम के निर्देश पर एडीएम रवनीत चीमा ने एआरटीओ दफ्तर का औचक निरीक्षण किया तो वहां अव्यवस्थाएं देख वह दंग रह गईं। कार्यालय में दलालों पर कुछ हद तक अंकुश जरूर लगा मिला लेकिन बाकी व्यवस्थाएं बुरी तरह लचर मिली।
निरीक्षण के दौरान एडीएम को कार्यालय के दरवाजों और कोनों आदि में जगह-जगह पीक नजर आई। कैश रूम में भी तीन लोग बाहरी नजर आए। एडीएम ने अव्यवस्थाओं को अपने मोबाइल में भी कैद किया। उन्होंने दफ्तर में मिली अव्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रभारी डीएम को प्रेषित कर दी है।