सितारगंज। किच्छा हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो सगी बहनों ने रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक बहनों के परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
-इंसेट
भाई की शादी के लिए करने गईं थीं खरीदारी
मंगलवार को गांव नयागांव, सितारगंज निवासी हिना (22) पुत्री रईस अहमद और गांव सिरौलीकलां किच्छा निवासी निशा (25) पत्नी तौफीक अहमद अपनी ममेरी बहन जहानाबाद (यूपी) निवासी रूबी (23) के साथ भाई मो. जाकिर के बारात की खरीदारी करने के लिए सितारगंज बाजार गई थीं। बाजार से तीनो बहनें ई-रिक्शा में सवार होकर घर लौट रही थीं। वे नयागांव के पास हाईवे किनारे ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं। तभी सितारगंज की ओर से तेज गति से आई एक कार ने हाईवे पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनो बहनों सहित ई-रिक्शा सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
-इंसेट
रुद्रपुर के निजी अस्पताल में तोड़ा दम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से ई-रिक्शा सवार गांव सिसैया निवासी रामकुमार गुप्ता, राजेश्वरी गुप्ता, डालचंद कश्यप और प्रेमपाल गंगवार को सितारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि, तीनो बहनों को उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दो सगी बहनों हिना और निशा सहित ममेरी बहन रूबी की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में दोनो सगी बहनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि, रूबी का इलाज चल रहा है।
-इंसेट
घर पर लगा नेताओं का तांता
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता नवतेज पाल सिंह, करन जंग, आसपा नेता सत्येंद्र कुमार सहित दर्जनों नेता उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को धैर्य बनाए रखने का साहस दिया और ढांढस बंधाया। सीओ
-वर्जन
बीएस धौनी ने बताया कि दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया गया है।
दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। संवाद