गदरपुर। ग्राम पंचायत रूपपुर के ग्रामीणों ने पंचायत भवन और सीएचसी सेंटर की मरम्मत के लिए स्वीकृत धनराशि में गोलमाल की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जांच की मांग की है।
जिलाधिकारी को भेजे पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत रूपपुर में पंचायत घर स्थित है और सीएचसी सेंटर का निर्माण कार्य भी अधूरा है। ग्रामीणों का कहना है कि विगत वर्षों में पंचायत भवन की मरम्मत के लिए धनराशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन न ही पंचायत भवन की मरम्मत हुई और न ही सीएचसी सेंटर का कार्य पूर्ण किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत घर और सीएचसी सेंटर की मरम्मत के लिए आई धनराशि का स्थानांतरण भी संबंधित ठेकेदार और फर्म के खाते में कर दिया गया है जो कि जांच का विषय है। ज्ञापन भेजने वालों में सूरज कुमार, रणजीत सिंह, प्रताप सिंह, रमेश सिंह, बचन सिंह, शिकारी सिंह, कन्हैया सिंह, आनंद सिंह और अमर सिंह आदि शामिल हैं।