शासन को कार्यदायी संस्था नामित करने को भेजा गया प्रस्ताव
रुद्रपुर। जिला अस्पताल के 200 बेड के नए भवन को लेकर कवायद की जा रही है। नए भवन के लिए कार्यदायी संस्था नामित करने के लिए जिला स्तर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। नामित होने वाली संस्था ही डीपीआर बनाने की कार्रवाई करेगी।
मेडिकल कॉलेज का पूरी तरह से संचालन शुरू होने के बाद जिला अस्पताल का भवन उसके अधीन हो जाएगा। इसको देखते हुए जिला अस्पताल को नए भवन बनाने के बाद वहां शिफ्ट किया जाएगा। 12 जून 2023 को शासन ने जिला अस्पताल के लिए जमीन चिह्नित करने के लिए शासनादेश जारी किया था। इसके बाद डीएम की अध्यक्षता में चयन समिति गठित की गई थी।
समिति ने कुछ जगहों पर जमीनें चिह्नित की थी। शहर के भीतर की जिला अस्पताल के लिए भूमि चयन पर प्राथमिकता रखी गई थी। पुराना जिला अस्पताल परिसर में खाली पड़ी जमीन को जिला अस्पताल के नए भवन के लिए चिह्नित किया गया है।
जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि सीएमओ के स्तर से कार्यदायी संस्था नामित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद सोयल टेस्टिंग और डिजाइन, डीपीआर बनाने की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में डीपीआर भेजी गई थी, जिसे शासन ने खारिज कर दिया था।
बताया कि पुराना जिला अस्पताल परिसर में नए भवन बनने के दौरान पोस्टमार्टम हाउस की जद में आएगा। मेडिकल कॉलेज का संचालन होने पर पोस्टमार्टम हाउस इसी परिसर में संचालित होना है। पुराना जिला अस्पताल परिसर में करीब 12 एकड़ जमीन है।