काशीपुर में एक युवक ने युवती और उसके दोस्त पर अश्लील वीडियो वायरल करने के नाम पर पांच लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामपुर निवासी एक युवक यहां एक फैक्टरी में नौकरी करता है। कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कुछ दिन पहले उसको सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लड़की का मैसेज आया। उसने अपना नाम सीमा सिद्दीकी निवासी मेरठ हाल पता आवास-विकास बताया। धीरे-धीरे दोस्ती हो गई। लगभग दो महीने पहले सीमा ने बताया कि उसकी तबीयत खराब है। वह उसे देखने के लिए घर आ जाए। वह घर गया तो सीमा ने उसे कोल्डड्रिंक पिलाई। जिससे वह बेहोश हो गया। अब सीमा और उसका दोस्त अंकित चौधरी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांग रहे हैं। डर के चलते उसने दोनों को कई बार 10-10 हजार रुपये दिए। ये लोग लगातार रुपयों की मांग करते रहे।
युवक की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच भी चल रही है।
- अनिल जोशी, प्रभारी कोतवाल