सितारगंज। सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शक्तिफार्म और आसपास के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से लंबित बैगुल नदी पर पुल निर्माण की मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है। राज्य योजना के तहत शासन ने 11.40 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है जिससे 12 किमी की लंबी और थकाऊ दूरी सिर्फ 600 मीटर के सफर में सिमट जाएगी।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयास से बैगुल नदी पर पुल बनने जा रहा है जो गांव निर्मलनगर को सीधे सिडकुल और सिसौना से जोड़ेगा। लोक निर्माण विभाग ने पुल निर्माण की तैयारी तेज कर दी है। लोनिवि के सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि मई के प्रथम सप्ताह में कैबिनेट मंत्री इसका भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
सिडकुलकर्मी और विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
बैगुल नदी पर पुल का निर्माण होने से सिडकुलकर्मियों और विद्यार्थियों के साथ ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा। शक्तिफार्म के गांव निर्मलनगर, राजनगर, अरविंद नगर, झाड़ी गांव के लोगों को सिडकुल जाने के लिए अतिरिक्त सात किमी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पीजी महाविद्यालय सितारगंज में अध्ययनरत शक्तिफार्म के विद्यार्थियों को भी 12 किमी की अतिरिक्त दूरी से छुटकारा मिलेगा।
ग्रामीणों से निर्मलनगर, राजनगर को सिसौना से जोड़ने के लिए बैगुल नदी पर पुल बनाने का वादा किया था जो जल्द ही धरातल पर उतरेगा। विधानसभा चुनाव में लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा करने का काम चल रहा है। - सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री