बाजपुर। एसएसपी नीलेश आनंद भरणे के निर्देश पर गठित पुलिस की दस टीमों ने कोसी खनन क्षेत्र में लगे 2400 मजदूरों का सत्यापन किया। खनन मजदूरों का सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम के पहुंचने पर खनन माफिया में खलबली मच गई।
सोमवार दोपहर बाद एएसपी देवेंद्र कुमार पिंचा गठित दस टीमों के साथ दो कंपनी पीएसी, 50 कांस्टेबिल, महिला पीएसी के साथ कोसी नदी खनन क्षेत्र में पहुंचे। सीओ जितेंद्र सिंह पांगती के नेतृत्व में दस टीमों ने अलग अलग जाकर निगम घाट, बख्शी घाट, शीशम घाट, बाजार घाट के 2400 खनन मजदूरों की झोपड़ियों में जाकर सत्यापन कार्य किया गया। इस दौरान सत्यापन फार्म में खनन मजदूराें का पूर्ण विवरण दर्ज किया गया है। एएसपी ने बताया कि प्रत्येक टीम में एक एसआई, चार कांस्टेबिल, डेढ़ सेक्सन पीएसी शामिल है। सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में सीओ जीसी पांगती, बन्नाखेड़ा क्षेत्र में नवनियुक्त कोतवाल ओमप्रकाश शर्मा की देखरेख में सत्यापन किया गया। मौके पर एसएसआई हिमांशु पंत, बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज सलाउद्दीन, सुल्तानपुर पट्टी चौकी इंचार्ज अजेंद्र सिंह, बीआर आर्य आदि थे। सीओ ने बताया कि कोसी खनन क्षेत्र में बुधवार, रविवार को कैंप लगाकर मजदूरों का सत्यापन किया जाएगा। खनन मजदूर सुल्तानपुर पट्टी, बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी पर वेरिफिकेशन करा सकते हैं। खनन पट्टे धारकों से श्रमिकों के सत्यापन कार्य मेें सहयोग की अपील की गई है।