लालपुर। क्षेत्र में उद्योगों द्वारा जल दूषित करने के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन कर उद्योग प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि उद्यमी दूषित जल को जमीन के अंदर छोड़ना बंद नहीं करेंगे तो फैक्ट्रियों के समक्ष धरना दिया जाएगा और किसी कीमत पर चलने नहीं देंगे।
अमर उजाला ने सोमवार के अंक में लालपुर में निकल रहा जहरीला पानी शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसका संज्ञान लेते हुए सोमवार को प्रदूषण बोर्ड की टीम ने नमूने लिए थे और विधायक राजेश शुक्ला व राष्ट्रीय भूजल परिषद के सदस्य सेवा सिंह ने भी मौका मुआयना किया। मंगलवार को लालपुर बाजार के व्यापारियों ने रामेश्वरपुर मोड़ के सामने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और उद्योगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारी करमजीत सिंह ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र का पानी पीने लायक नहीं रहेगा। जल दूषित होने से क्षेत्र का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। गुरदीप सिंह कामरा ने कहा कि उद्यमी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में विकास के बजाए विनाश की स्थिति उत्पन्न हो रही है। मनोज अरोरा ने चेतावनी दी कि प्रशासन शीघ्र समस्या का समाधान नहीं करेगा तो व्यापारी और किसान फैक्ट्रियों के सामने धरना देंगे और उद्योगों को नहीं चलने देंगे। इस मौके पर सतीश कुमार गुंबर, श्रवण कुमार, रनजीत सिंह सलूजा, राजू गांधी, शानू, दामोदर, बिट्टू अरोरा, संजू छावड़ा, अखलाक अहमद, लियाकत अहमद, भोला प्रसाद, नंदलाल, रवि सलूजा, रोहित गुंबर, खलील अहमद, श्याम दास, अनिल कुमार, राम अवतार, इलियास अहमद आदि मौजूद थे।