खटीमा। पुलिस, वन विभाग एवं सुरक्षा एजेंसियों की समन्वय बैठक में वन क्षेत्र में होने वाले अवैध खनन एवं सीमा पर हो रही तस्करी का मुद्दा प्रमुखता से छाया गया। इस दौरान वन संबंधी अपराध, भारत-नेपाल सीमा पर होने वाली संदिग्ध एवं माओवादी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही एक दूसरे से सूचनाएं साझा की गई।
किलपुरा वन रेंज की अंजनिया वन चौकी में आयोजित समन्वय बैठक में पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सीमा क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध एवं माओवादी गतिविधियों पर चर्चा की। अधिकारियों ने माना कि विगत चार माह में सीमा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियां नजर नहीं आई हैं। कर्मचारियों ने वन क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन एवं नेपाल सीमा पर हो रही तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में काम करने का निर्णय लिया। इस दौरान प्रभारी कोतवाल विक्रम राठौर, वन क्षेत्राधिकारी पीएस शाही, वन क्षेत्राधिकारी यूडी कांडपाल, एसआई डीएस पांगती, एसआई मनोज कोठारी एवं खुफिया तंत्र के अधिकारी मौजूद थे।