काशीपुर। जसपुर एवं गदरपुर व्यापार मंडल के दर्जनों व्यापारियों ने काशीपुर कोतवाली का घिराव कर यहां के एक व्यापारी पर नगर के ही एक अन्य व्यापारी को रिवाल्वर दिखा धमकाने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराने मांग की। इस दौरान बाहर से आए व्यापारियों ने स्थानीय व्यापार मंडल के नेताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
शनिवार को जसपुर के दर्जनों दुकानदारों ने व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार तथा गदरपुर के व्यापारी संटी बाबा के नेतृत्व में काशीपुर कोतवाली का घिराव किया। व्यापारी नेताओं ने एसएसआई अमर चंद्र शर्मा को बताया कि काशीपुर रेलवे स्टेशन रोड स्थित किचन कलेक्शन की दुकान पर 11 नवंबर को एक व्यापारी नेता आया। उसने दुकान स्वामी वीरभान अरोरा से माइक्रोवेव एवं गैस चूल्हा पैक करने को कहा। आरोप है कि पैसे मांगने पर व्यापारी नेता ने रिवाल्वर दिखाकर उसे कई मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। वीरभान ने कहा वह उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा चुका है। इसी दौरान काशीपुर व्यापार मंडल एवं देवभूमि व्यापार मंडल के लोग पहुंच गए। उनकी जसपुर के व्यापारियों से पहले तो तकरार हुई, फिर व्यापारियों ने मिलकर समझौता कराने का रास्ता खोजने पर सहमति जताई। व्यापारियों का हंगामा देख पुलिस ने तहरीर ले ली।
एसएसआई शर्मा ने बताया पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। कोतवाली का घिराव करने वाले जसपुर के नेताओं में व्यापार मंडल अध्यक्ष त्रिलोक अरोरा, शाह मोहम्मद, सतीश अरोरा, राजेश अरोरा थे। इस दौरान काशीपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव सेतिया, अनुराग अग्रवाल, वसीम अहमद, विमल अग्रवाल, हरीश टोनी, दीपक वर्मा आदि थे।