काशीपुर। एक विधवा महिला ने उपजिलाधिकारी से उसकी जमीन पर बोई फसल को दबंगों द्वारा बर्बाद करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। एसडीएम ने संबंधित चौकी प्रभारी को जांच करने के आदेश दिए है।
ग्राम बघेलावाला निवासी ओमवती पत्नी स्व. श्याम लाल ने एसडीएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह अनुसूचित जाति की विधवा महिला है और ग्राम बघेलावाला की मूल काश्तकार है। उसके तथा उसके पुत्र के नाम बघेलावाला में खाता नंबर 205, खसरा नंबर 153 मि. रक्बा 0.405 हेक्टेयर और इसी भूमि के मेड़ मिलान पर खसरा नंबर 153/2 मि. रक्वा 0.202 हेक्टेयर भूमि है। कुल आराजी 0.607 हेक्टेयर भूमि है। उक्त जमीन में उसके द्वार बोई फसल को गांव के ही तीन लोगों ने दबंगई से जोतकर बर्बाद कर दिया है, जबकि उसने एक नवंबर को नायब तहसीलदार पैगा, हल्का लेखपाल, पुलिस बल, वर्तमान ग्राम प्रधान एवं गांव के ही अन्य गणमान्य व्यक्तियों के सामने भूमि पर कब्जा दिला गेहूं और लाही की फसल बोई थी।
ओमवती ने दबंगों द्वारा बर्बाद की गई फसल के नुकसान का मुआवजा दिलाने के साथ ही दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। एसडीएम जगदीश लाला ने पैगा चौकी प्रभारी को इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए है।