रुद्रपुर। स्पार्क मिंडा के श्रमिकों ने मंगलवार को उपश्रमायुक्त कार्यालय परिसर में धरना देते हुए काली दीपावली मनायी। श्रमिकों ने निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ने का एलान किया।
मिंडा श्रमिक 49 दिन से विभिन्न मांगों को लेकर उपश्रमायुक्त कार्यालय परिसर में धरना दे रहे हैं। उन्होंने डीएलसी पर आरोप लगाया कि जानबूझकर यूनियन बनाने की पंजीकरण फाइल को लटकाया जा रहा है। छह बार त्रिपक्षीय वार्ता के बाद भी कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निकाय चुनाव खत्म होने के बाद वह उग्र आंदोलन करेंगे। वहां हीरा सिंह, दीपक अधिकारी, गोविंद सिंह, ललित बिष्ट, हीरा सिंह, अशोक टम्टा, गणेश कांडपाल, पुष्कर आदि थे।
- 49 दिन से धरने पर बैठे हैं। लेकिन हमारी मांगो को सुनने वाला कोई नहीं है। कंपनी प्रबंधन अभी तक छह बार वार्ता करके चला गया है। लेकिन तब भी कोई हल नहीं है। - आशा, स्पार्क मिंडा श्रमिक
- समस्या को सुनने के लिए दूर-दूर से विधायक आए। सिर्फ आश्वासन देकर चले गए। 49 दिन से धरने पर बैठे हैं। कंपनी न ही सैलरी बढ़ा रही है और न गेटबंदी वापस ले रही है। - धीरेंद्र अधिकारी, स्पार्क मिंडा श्रमिक
- श्रमिकों से जबरन रिजाइन लिखवाकर टर्मिनेट करवा दिया है। चुनाव खत्म होने के बाद सभी श्रमिक मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे। मुख्यमंत्री के पीआरओ ने भी झूठा आश्वासन दिया। -पंकज सिंह