जसपुर। उत्तराखंड के 558 यात्री हज के लिए अलग-अलग फ्लाइट से सऊदी अरब के मक्का शहर पहुंच गए हैं। यात्रियों की देखभाल के लिए नौ स्टेट हज इंस्पेक्टरों ने भी सऊदी अरब पहुंच कर जिम्मेदारी संभाल ली है। राज्य हज समिति के सदस्य और चेयरमैन यात्रियों से फोन पर यात्रा सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के चेयरमैन हाजी खतीब अहमद ने बताया कि 1369 चयनित में से 558 यात्रियों के अलग-अलग दल मक्का पहुंच कर उमरा सहित हज के अरकान अदा करने में मशगूल हैं। दो मई को प्रदेश के 308 यात्रियों का बड़ा काफिला दिल्ली एयरपोर्ट से सऊदी अरब के लिए रवाना हुआ।
इस दौरान समिति के कर्मचारियों और अफसरों ने यात्रियों को हज के लिए रवाना किया। चेयरमैन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए समिति की टीम दिल्ली हज मंजिल और दिल्ली एम्बार्केशन प्वाइंट पर कैंप किए है। यात्रियों को हज स्टेट इंस्पेक्टरों के नंबर दिए जा रहे हैं ताकि असुविधा के लिए उन्हें फोन कर सकें। वहां हज अधिकारी मो.अहसान, अब्दुल कादिर, इजहार हुसैन आदि थे।
सोशल साइट्स के जरिये ले रहे जायजा
जसपुर। चेयरमैन हाजी खतीब अहमद ने बताया कि व्हाट्सएप, इमो और फैसबुक आदि सोशल साइट्स के माध्यम से यात्री खाना-ए-काबा आदि मकामात के पास खड़े होकर परिजनों और उन्हें फोटो भेज रहे हैं। इन्हीं साइट्स के जरिए परिजनों से बात कर हालचाल बता रहे हैं। वह भी यात्रियों से बात कर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं ताकि अरकान अदा करने में परेशानी नहीं हो।