रुद्रपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के अधिकारियों ने लोगों के जंगल जाने पर चेतावनी जारी की है। डीएफओ यूसी तिवारी ने बताया कि वर्तमान में हाथियों का प्रजनन काल चल रहा है। इस दौरान नर हाथी अत्यधिक आक्रामक हो जाते हैं जिससे मानव-हाथी संघर्ष की आशंका बढ़ जाती है। कहा कि लोग परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी एक माह तक वन क्षेत्रों में प्रवेश करने से बचें। इस दौरान हाथियों का व्यवहार अनियंत्रित और खतरनाक हो सकता है जिससे जनहानि और संपत्ति को नुकसान होने का खतरा बना रहता है। यदि किसी कारणवश वन क्षेत्र में जाना अत्यंत आवश्यक हो तो स्थानीय वनकर्मियों की सहायता लेकर ही सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करें। अनावश्यक रूप से जंगलों में न जाएं और आसपास के लोगों को भी इस बारे में जागरूक करें।