काशीपुर। रुद्रपुर और काशीपुर के 84 शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए शासन ने स्वीकृति प्रदान कर आदेश जारी कर दिया है। यह कर्मी लंबे समय से प्रयासरत थे।
शिक्षा सचिव रविनाथ रामन ने शासनादेश जारी कर कहा कि एक अक्तूबर 2005 के बाद सेवा में कार्यभार ग्रहण करने पर नवीन पेंशन योजना के अंतर्गत आच्छादित किया गया है। ऐसे कार्मिकों को उत्तर प्रदेश सेवानिवृत्तिक लाभ नियमावली 1961, नई पारिवारिक पेंशन योजना 1965, उत्तराखंड सेवानिवृत्तिक लाभ अधिनियम 2018, उत्तराखंड पेंशन के लिए अर्हकारी सेवा, विधिमान्यकरण अधिनियम 2022 के अधीन आच्छादित किए जाने के लिए एक बार का विकल्प देने के निर्देश दिए हैं। इस प्रावधान के तहत ऊधमसिंह नगर से आख्या मांगी गई थी। कहा कि सात फरवरी 2025 से प्राप्त आख्या में विचार करने पर प्रारंभिक शिक्षा के रुद्रपुर के 47 और काशीपुर के 37 सहायक अध्यापक व प्रधानाध्यापकों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) से आच्छादित किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।