रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज में दूसरी मेरिट सूची के तहत प्रवेश प्रक्रिया दूसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में 120 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। इसके साथ ही पहली और दूसरी मेरिट सूची के दूसरे दिन तक महाविद्यालय में 465 विद्यार्थियों का प्रवेश पूरा हो चुका है।
लगातार बढ़ती प्रवेश संख्या से महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और अभिभावकों की अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। शुक्रवार को बीए पाठ्यक्रम में सर्वाधिक 65 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसके बाद बीए में प्रवेश लेने वाले छात्रों की संख्या बढ़कर 254 हो गई है जो सभी स्नातक पाठ्यक्रमों में सबसे अधिक है। वहीं बीकॉम में दूसरे दिन 28 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया जिससे इस पाठ्यक्रम में अब तक कुल 107 प्रवेश दर्ज किए जा चुके हैं। विज्ञान संकाय में भी प्रवेश प्रक्रिया तेज रही। बीएससी (पीसीएम) में शुक्रवार को 9 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया जिसके बाद इस पाठ्यक्रम में कुल 62 विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। वहीं, बीएससी (बायो) में 18 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया और इस संकाय में भी कुल प्रवेश संख्या 62 तक पहुंच गई है। प्राचार्य डॉ. अवधेश नारायण सिंह ने बताया कि दूसरी मेरिट सूची के तहत प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। चयनित अभ्यर्थियों से अपील है कि वह समय पर सभी आवश्यक दस्तावेज के साथ कॉलेज पहुंचकर अपनी प्रवेश औपचारिकताएं पूरी करें ताकि निर्धारित तिथि के बाद किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। संवाद