केलाखेड़ा। पुलिस ने शुक्रवार को एक घर में छापा मारकर भैंस के कटे अंगों के साथ चापड़, छुरी, सूजे सहित दो ड्रम बरामद किए हैं। एसआई ललित चौधरी ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला रत्नामड़ैया में दबिश देकर एक अहाते में फर्श पर कटी हुई भैंस का सिर व अन्य अंगों के साथ मांस काटने के उपकरण बरामद किए जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। इस दौरान मौके पर पहुंची पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमाईला मलिक ने मृत पशु को भैंस होने की पुष्टि की। थाना प्रभारी मनीष खत्री ने बताया कि इस मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत फरार आरोपी रत्नामड़ैया निवासी फईम के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज की गई है। बता दें कि नगर में स्लॉटर हाउस नहीं होने के चलते अवैध रूप से पशुओं के कटान का कार्य चल रहा है। पूर्व में भी कई बार गो वंश स्क्वायड कुमाऊं परिक्षेत्र की टीम और पुलिस नगर में विभिन्न स्थानों से कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गोवंश और भैंस का मांस बरामद कर चुकी है। आखिर किसकी शह पर मांस कारोबारी अवैध रूप से पशुओं का वध करने का कार्य कर रहे हैं, यह भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।