अबकाशीपुर। किसानों को अब मिट्टी की जांच रिपोर्ट के लिए कई दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मिनी सॉइल मशीन अब कुछ ही घंटों में मिट्टी की जांच कर रिपोर्ट देगी।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने कृषि विज्ञान केंद्र में मिनी सॉइल मशीन का प्रदर्शन किया। कंपनी के ऑपरेटर पराग ने कृषि वैज्ञानिकों को मशीन से मिट्टी की जांच करने का प्रदर्शन किया। डॉ. एसके शर्मा ने बताया कि यह मशीन चार घंटे में मिट्टी के अम्लीय, नाइट्रोजन, पोटेशियम, जिंक कॉपर, जिप्सम गुण की रिपोर्ट देगी। किसानों के मोबाइल पर सीधे इसकी रिपोर्ट भेजने की सुविधा है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि अब तक जांच के लिए 15 दिन तक रिपोर्ट का इंतजार रहता था। इसके चलते बहुत कम किसान मिट्टी की जांच कराते हैं। इसी परेशानी को दूर करने के लिए वैज्ञानिकों ने मिनी सॉइल टेस्टिंग मशीन बनाई है। जो महज चार घंटे में मिट्टी टेस्ट कर किसान को उसके मोबाइल पर रिपोर्ट भी दे देती है। मशीन की कीमत भी काफी कम है। वहां पर डॉ. शैलबाला, डॉ. प्रभा सिंह आदि थे।