रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के 300 होनहार खिलाड़ियों का चयन मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों को सरकार की ओर से हर महीने 1500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी ताकि खिलाड़ी अपने खेल को और बेहतर कर सकें।
खेल विभाग की ओर से आयोजित चयन ट्रायल में जिले भर से तकरीबन 700 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया था। विभिन्न आयु वर्ग और खेल विधाओं में हुई प्रतियोगिताओं के बाद शारीरिक दक्षता और प्रदर्शन के आधार पर 300 खिलाड़ियों को अंतिम रूप से चुना गया है। योजना का उद्देश्य 8 से 14 वर्ष के उदीयमान खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर पर ही प्रोत्साहित करना है।
जिला क्रीड़ाधिकारी जानकी कार्की ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है। सभी चयनित खिलाड़ियों की सूची विभाग को भेजने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही उनके बैंक खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से खेल प्रतिभाओं को आगे आने का बड़ा मौका मिलेगा।